मध्यप्रदेश महिला टीम की कमान खुशी यादव को,  टीम में श्रेया दीक्षित को मिली जगह, तीनों ही बेटियां अरेरा क्रिकेट एकेडमी से लेतीं हैं प्रशिक्षण 

(फोटो खुशी यादव , कप्तान मध्यप्रदेश अंडर 19 महिला टीम)

भोपाल क्रिकेट के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। भोपाल की सौम्या तिवारी को अंडर 19  महिला विश्व कप के लिए भारतीय टीम के लिए चुना गया तो मध्यप्रदेश अंडर 19 क्रिकेट टीम की कमान खुशी यादव को मिली। भोपाल की श्रेया दीक्षित को टीम के लिए चयनित किया गया है। 

(फोटो-श्रेया दीक्षित, सदस्य मध्यप्रदेश टीम) 

विजय मत,भोपाल। 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भोपाल मध्यप्रदेश की होनहार और चमत्कारी प्रतिभावान खिलाड़ी सौम्या तिवारी को अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने जा रहे अंडर 19 महिला विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चयनित किया है। सौम्या तिवारी की उपलब्धियों में यह उनके क्रिकेटिंग करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है। वह यह एतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली मध्यप्रदेश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। हाल ही में सौम्या को अंडर 19 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चुना गया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में उनका प्रदर्शन बढ़िया रहा। उनके इसी प्रदर्शन के कारण  विश्व कप के लिए चुनी गई  हैं। भारतीय टीम की कप्तानी शेफाली वर्मा को दी गई है। विश्वकप से पहले 27 दिसम्बर से 4 जनवरी 2023 तक  अंडर 19 टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 टी-20 मैच खेलेगी। उसके बाद विश्व कप के मैच 14 जनवरी से शुरू होंगे। इधर , सोमवार को मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने महिला अंडर 19 मध्यप्रदेश की कप्तानी भोपाल की खुशी यादव को बनाया है।  भोपाल की श्रेया दीक्षित को टीम में चयनित किया गया है। विशेष उल्लेखनीय बात यह है कि सौम्या,खुशी और श्रेया तीनो  अरेरा क्रिकेट एकेडमी में मुख्य कोच सुरेश चेनानी से प्रशिक्षण ले रहीं हैं। अरेरा क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों, अविभावकों एवं एकेडमी के पदाधिकारी सचिव हेमन्त कपूर ने तीनों बेटियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं हैं। कोच चेनानी कहते हैं कि यह बच्चियों की लगन,कड़ी मेहनत का फल है। जिसमें अविभावकों का बड़ा योगदान निहित है। भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्रुवनारायण सिंह, सचिव रजत मोहन वर्मा, कोषाध्यक्ष शांति कुमार जैन, अविनाश पाठक, पूर्व रणजी कप्तान ब्रजेश तोमर, उपाध्यक्ष सुशील सिंह ठाकुर ने तीनों के चयन पर सौम्या, श्रेया और खुशी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। 

( अरेरा क्रिकेट एकेडमी के मुख्य कोच सुरेश चेनानी के साथ सौम्या तिवारी)

एमपीसीए की कोशिशों का असर- 

मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की दिशा में अनेक नए प्रयोग एवं प्रयास किये हैं। देश मे मध्यप्रदेश की बेटियों को मिल रही अहमियत इस बात की तस्दीक करतीं हैं। सीईओ रोहित पंडित के इनोवेटिव आइडियाज इसके पीछे मुख्य वजह कही जा सकती है। अब बेटियों को पहले से अधिक अभ्यास मैच खेलने को मिलते हैं। उनके कई फार्मेट में टूर्नामेंट होने लगे हैं। मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित की निगरानी, मार्गदर्शन,प्रशिक्षण के कारण मध्यप्रदेश का क्रिकेट तेजी से फल फूल रहा है। 

 

टीम इस प्रकार है- शेफाली वर्मा (कप्तान), श्वेता शेरावत( उप कप्तान), ऋचा घोष (विकेट कीपर), जी तृषा, सौम्या तिवारी, सोनिया मेधाई, हर्ली गेला, ऋषिता वासु, सोनम यादव, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी,प्रशवी चोपड़ा, तितास साधू, फलक नाज़, शबनम एमडी, 

अतिरिक्त- शिखा नाजले सीएमसी, यश यशाश्री 

 

 

न्यूज़ सोर्स : Vijay Mat