विजय मर्चेंट ट्राफी: मध्यप्रदेश को पहली पारी में मिली 25 रनों की बढ़त, महाराष्ट्र को 273 पर समेटा, 

- मध्यप्रदेश की दूसरी पारी शुरू बिना विकेट खोए बनाए 18 रन ,आजकल का खेल बाकी  

विजय मत, सूरत/ गुजरात 
 सूरत में चल रहे विजय मर्चेंट अंडर -16 क्रिकेट मुकाबले में मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को पहली पारी में 273 रनों पर आल आउट कर 25 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। मध्यप्रदेश द्वारा पहली पारी में बनाये गए 298 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र को मध्यप्रदेश की फील्डिंग और बॉलिंग ने पहली पारी में 273 रनों पर समेटकर रख दिया। कप्तान मनल चौहान को 21.2 ओवर में सर्वाधिक 4 विकेट, अयाम सरदाना को 15 ओवर में  3, अथर्व न्याती (11 ओवर)और आदित्य भंडारी 12 ओवर में एक-एक विकेट मिला। 
महाराष्ट्र की ओर से पहली पारी में कप्तान सुश्रुत सावंत ने सर्वाधिक 96 रन बनाए। साहिल परख ने 58 और दीर्घ ब्रमेचा ने 32 रन जोड़े। 
 बुधवार ही 25 रनों की बढ़त के साथ मध्यप्रदेश की दूसरी पारी की बैटिंग शुरू हो गई है। दिन का खेल खत्म होने तक  मध्यप्रदेश ने दूसरी पारी में चार ओवर में 18 रन बना लिए हैं। और इस तरह से  मध्यप्रदेश की कुल बढ़त 43 रनों की हो गई है। आर्यन कुशवाहा और हर्षित यादव क्रीज पर खेल रहे है। आज और कल का खेल अभी बाकी है। 

मध्यम क्रम ने मध्यप्रदेश को बड़ी मजबूती प्रदान की- 
 इससे पूर्व मैच के पहले दिन महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर फील्डिंग लेते हुए मध्यप्रदेश को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मध्यप्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके दोनों सलामी बल्लेबाज आर्यन कुशवाहा (5 रन) और हर्षित यादव ( एक रन) पर जल्दी आउट हो गए। मध्यप्रदेश का पहला विकेट पांचवे और दूसरा विकेट छठे ओवर में गिरने से बड़ा झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे आदित्य भंडारी और प्रतीक शुक्ला की जोड़ी ने बड़े  संकट की घड़ी में टीम को सहारा दिया और क्रीज पर डटे रहे। भंडारी ने 182 गेंदों पर 32 व प्रतीक शुक्ला ने 91 गेंदो पर 35 रन बनाए। इसके बाद शौर्य पचौरी ने 63 गेंदों पर 38 रन जोड़े। अथर्व न्याती ने 21 रन बनाए। मध्यम क्रम के इन  बल्लेबाजों ने मध्यप्रदेश को बड़ी ताकत देने का काम किया। इस बूंद -बूंद से एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद मिली।  जिसके बाद कप्तान मनल चौहान ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों पर 89 रन बनाकर टीम के स्कोर को दिन का खेल खत्म होने तक 263 रनों पर लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि दुर्भाग्य पूर्ण तरीके से दूसरे दिन बिना कोई रन जोड़े मनल आउट हो अपने शतक से चूक गए। महाराष्ट्र ने बुधवार को महज 12 ओवर में मध्यप्रदेश के शेष बचे तीन बल्लेबाजो को सस्ते में आउट कर दिया। इन ओवर में सिर्फ मप्र 34 रन जोड़ पाया। और इस प्रकार मध्यप्रदेश ने 298 रनों का कुल स्कोर खड़ा किया। मध्यम क्रम की बल्लेबाजी ने मध्यप्रदेश को 298 रनों का लक्ष्य खड़ा करने में बड़ी भूमिका निभाई।

आखिरी ओवरों में अक्षत सोलंकी ने नाबाद 22 रन बनाए। मध्यप्रदेश ने उम्दा गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बदौलत महाराष्ट्र को 298 रन नहीं बनाने दिए। 
गौरतलब कि मध्यप्रदेश ने पहले  मैच में उड़ीसा को 170 रनों से हराया है। यह उसका दूसरा मैच है। 
#VijayMarchentTrophy2022


इधर... संस्कृति ने जड़ा शतक, मध्यप्रदेश गर्ल्स टीम पहला वनडे जीती 

विजय मत,भोपाल। मध्यप्रदेश की अंडर 19 महिला टीम ने पांडिचेरी को 141 रनों से हराकर पहला वनडे मैच जीत लिया है। मध्यप्रदेश की ओर से संस्कृति गुप्ता ने 7 छक्के और 10 चौकों की मदद से शानदार शतक (116 रन) जड़ा। सुहानी शर्मा ने 30, श्रेया दीक्षित 28 ,मुस्कान विश्वास 26, कनिष्का ठाकुर और सोमिया अली अंसारी ने 14-14 रन जोड़े। 
मध्यप्रदेश द्वारा दिए गए 294 रनो के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडिचेरी की टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोखर 153 रन ही बना पाई।

न्यूज़ सोर्स : Vijay Mat