विजय मत,भोपाल। आपने ऐसे अवसर कम देखे होंगे जब गुरु और शिष्य दोनों को एक जगह और अवसर पर सम्मानित किया जाए। बुधवार को यह नजारा दिखाई दिया। मप्र के लोकप्रिय न्यूज़ चैनल एसीएन भारत द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में महापौर मालती राय ने अंडर 19 टी 20 महिला भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चयनित उपकप्तान सौम्या तिवारी और उनके कोच सुरेश चेनानी को उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। एसीएन न्यूज़ चैनल के हेड हेमन्त शर्मा,  नगर निगम अध्यक्ष किशन राजपूत, एमआईसी सदस्य जगदीश यादव मंच पर मौजूद रहे।

महापौर श्रीमती राय ने कहा भारतीय महिला क्रिकेट  टीम में सौम्या तिवारी के चयनित होने पर मध्यप्रदेश गौरवान्वित है। बेटी को बोझ समझने के भ्रम में जी रहे लोगों के लिए यह अद्भुत प्रेरणा की बात है। मुझे बहुत खुशी है कि सौम्या के कोच को भी सम्मानित करने का सौभाग्य हमें मिला है। सौम्या के परिवार को मै शुभकामनाएं बधाई देती हूं। भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा सौम्या तिवारी से प्रेरित होकर हमारी अन्य बेटियां खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा लेंगी। उन्होंने नगर को स्वच्छ, सुंदर बनाने के लिए उपस्थित जनों से सहयोग मांगा। अरेरा क्रिकेट एकेडमी के मुख्य कोच सुरेश चेनानी पिछले 30 वर्षों से क्रिकेट के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।  एसीएन भारत न्यूज़ चैनल के हेड हेमन्त शर्मा ने चैनल के विस्तार की जानकारी लोगों को दी। स्वागत उद्बोधन भोपाल हेड अभिषेक शर्मा ने दिया। गौरतलब है कि अरेरा क्रिकेट एकेडमी भोपाल की अग्रणी क्रिकेट एकेडमी मानी जाती है। जिसने कई राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी तैयार किये हैं। 

न्यूज़ सोर्स : Vijay Mat