भोपाल ।  मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। 29 मई को दिल्ली में कांग्रेस ने बैठक आयोजित की है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा होगी। चुनाव संचालन समिति, अभियान समिति सहित अन्य समितियों के गठन को लेकर भी चर्चा की जा सकती है। बैठक में प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, वर्तमान नेता प्रतिपक्ष डाक्टर गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, संसद सदस्य विवेक तन्खा सहित अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में हिस्सा लेंगे।

दोनों दलों की तैयारियां शुरू

मध्य प्रदेश में इस वर्ष 2023 के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार आम आदमी पार्टी भी विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है।

यह है मौजूदा स्थिति

मध्य प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 127 विधायक, कांग्रेस के 96 विधायक, 4 निर्दलीय विधायक, दो बसपा के और एक समाजवदी पार्टी का विधायक है। 230 विधानसभा सीटों वाली इस विधानसभा में 116 विधायक होना जरूरी है। मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं सहित जमीनी स्तर जनता से उनकी समस्याओं को लेकर बात करना शुरू कर दी है।