छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में एक युवक ने नाबालिग लड़की की यौन शोषण के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को पैरावट में छिपा दिया। पुलिस ने तीन दिन से लापता लड़की का शव बरामद करने के साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि लड़की उसे डबल क्रॉस कर रही थी। मामला मोहला थाना क्षेत्र का है।जानकारी के मुताबिक, स्थानीय 16 साल की लड़की 30 नवंबर की सुबह शौच की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। काफी तलाश के बाद जब लड़की नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज करा दी। जांच के दौरान पुलिस को लड़की के प्रेम संबंधों के बारे में पता चला। यह भी सामने आया कि लड़की का करीब दो साल से बालोद रेंगाडबरी के महेंद्र मंडावी (24) से प्रेम प्रसंग था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने महेंद्र मंडावी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने लड़की की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलसि ने लड़की के शव को पैरावट से बरामद किया। आरोपी महेंद्र ने बताया कि वह करीब दो साल पहले काम-धंधे की तलाश में मोहला आया था। यहीं पर लड़की भी अपने रिश्तेदार के घर आई थी। गांव में दोनों की मुलाकात हुई और उनके बीच दोस्ती हो गई।दोनों ने अपने-अपने मोबाइल नंबर एक-दूसरे को दिए और फिर बातें शुरू हो गईं। इस बीच लड़की अपने गांव लौट गई, लेकिन आरोपी महेंद्र उससे मिलने के लिए आता-जाता रहा। पुलिस ने बताया कि करीब दो सालों से लड़की के साथ आरोपी महेंद्र दुष्कर्म करता रहा। हर बार उसे शांदी का झांसा देता और शारीरिक संबंध बनाता था। घटना वाले दिन 30 नवंबर को भी लड़की से मिलने के लिए उसके गांव पहुंचा था।

इस दौरान लड़की ने शौच का बहाना बनाया और घर से करीब एक किमी दूर खेत में उससे मिलने के लिए पहुंच गई। वहां फिर आरोपी ने लड़की से दुष्कर्म किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लड़की का मोबाइल चेक कर रहा था। उसमें महेंद्र के अलावा भी अन्य लड़कों के साथ उसकी चैटिंग मिली। इस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ी कि आरोपी ने गुस्से में अपने गमछे से गला घोंटकर लड़की को मार दिया।