भोपाल    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भोपाल में हैं। वे महिला स्व-सहायता समूह के सम्मेलन में शामिल होने पहुंची हैं। यहां उन्होंने प्रदर्शनी देखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हमारे अनुरोध पर हमारे बीच पधारीं राष्ट्रपति महिला सशक्तिकरण का प्रतीक हैं। वे सहज हैं, सरल हैं, धैर्य और गंभीरता की मूर्ति हैं। उनका व्यक्तित्व सागर से ज्यादा गहरा है, हिमालय से ज्यादा ऊंचा है। नारी सबला है, ये राष्ट्रपति ने सिद्ध किया है। कोई भी बहन कमजोर नहीं, अगर वो ठान ले तो हिम्मत से आगे बढ़कर दुनिया में चमत्कार कर सकती है। यह कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हो रहा है। इसमें प्रदेशभर से 15 हजार समूह की सदस्य महिलाएं आई हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं।गुना जिले से अनीता ने मंच से अपनी कहानी सुनाई। कहा- पहले मजदूरी करती थी। आटा चक्की के व्यवसाय और समूह से ऋण लेकर पति को ट्रैक्टर दिलाया। पहले बच्चों को लेकर मजदूरी करती थी। अब बच्चे पढ़ते हैं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने कहा-

मुख्यमंत्री सबसे ज्यादा चिंता स्व-सहायता समूह की महिलाओं की करते हैं। 40 लाख समूह हो गए हैं। भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधरोपण किया। सुबह 9 बजे प्रेसिडेंट जनजातीय संग्रहालय पहुंचीं। राज्यपाल मंगू भाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह चौहान भी साथ थे। संग्रहालय में जनजातीय कलाकृतियों, पेंटिंग्स और अलग-अलग आदिवासी समुदाय की जीवनशैली से जुड़ी संरचनाओं को देखा। पद्मश्री भूरी बाई ने यहां राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने रेशम से बने प्रोडक्ट भेंट किए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जनजातीय संग्रहालय में जनजातीय जीवन वीथिका, जनजातीय परिवेश के बच्चों के खेलों पर केंद्रित वीथिका, लिखंदरा प्रदर्शनी दीर्घा और चिनहारी संग्रहालय स्टॉल देखे। जनजातीय जीवन दीर्घा में प्रदेश में निवासरत गोंड, बैगा, भारिया, सहरिया, भील और कोरकू आदिवासी समुदायों के आवासों की वास्तुगत, शिल्पगत, व्यवहारगत विशेषताओं और उनकी जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है। भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधरोपण किया। जनजातीय संग्रहालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को वहां की जानकारी दी।

राजभवन के आसपास दोपहर 3 बजे तक ‘नो एंट्री जोन’

कार्यक्रम के दौरान राजभवन और इसके आसपास के इलाके में दोपहर 3 बजे तक किसी भी वाहन को आने नहीं दिया जाएगा। अनुमति प्राप्त भारी वाहन भी सम्मेलन स्थल की ओर आने वाले रास्तों पर नहीं आ-जा सकेंगे। यानी डीबी सिटी मॉल तिराहे से जेल मुख्यालय रोटरी, लिली टॉकीज चौराहे से पुलिस मुख्यालय और रोशनपुरा चौराहे से गांधी पार्क तिराहे की ओर ये वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

ये रास्ते प्रतिबंधित, इन मार्गों से निकलेंगे वाहन

लालघाटी चौराहा से रेतघाट, पॉलिटेक्निक की ओर आम वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को लालघाटी से रॉयल मार्केट तिराहा, इमामी गेट, पीरगेट, मोती मस्जिद, बुधवारा, तलैया होते हुए नए भोपाल की ओर आना-जाना होगा। रेतघाट से लालघाटी की ओर भी आम वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन रेतघाट से सदर मंजिल, रॉयल मार्केट होकर लालघाटी की ओर जा सकेंगे।

आम वाहनों के लिए यह रहेगी व्यवस्था

डीबी सिटी मॉल तिराहे से जेल मुख्यालय रोटरी होकर कंट्रोल रूम तिराहे की ओर आम वाहन नहीं आ-जा सकेंगे। इन्हें मैदा मिल, सुभाष नगर ओवर ब्रिज, प्रभात चौराहा, बोगदा पुल होकर पुराने भोपाल की ओर जाना होगा।
पुलिस मुख्यालय तिराहे से पुराना पुलिस कंट्रोल रूम होकर गांधी पार्क तिराहा, रोशनपुरा की ओर भी आम वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। पुराना मछलीघर तिराहे से गांधी पार्क तिराहे की ओर भी आम वाहन नहीं आ-जा सकेंगे।
रोशनपुरा से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले दो-चार और पहिया वाहन बाणगंगा, मछलीघर, खटलापुरा, पीएचक्यू तिराहा, लिली टॉकीज होते हुए जा सकेंगे। लौटने के लिए उन्हें यही रास्ता अख्तियार करना होगा।

ये रहेगा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का रूट

टीटी नगर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाली बसें अपेक्स बैंक, लिंक रोड 1 से होते हुए बोर्ड ऑफिस चौराहा, मैदा मिल, सुभाष नगर ओवर ब्रिज, प्रभात चौराहा, बोगदा पुल, ऐशबाग फाटक से भारत टॉकीज होते हुए जा सकेंगी। लौटने के लिए भी उन्हें इसी रास्ते से ही आना होगा।

ये हैं मौजूद

इस सम्मेलन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित हैं। भोपाल जिले के प्रभारी भूपेंद्र सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, महापौर भोपाल मालती राय सहित अन्य जन प्रतिनिधि भी मौजूद हैं।