हुरुन इंडिया की देश की सबसे मूल्यवान 500 कंपनियों की लिस्ट में टॉप 10 महिला नियोक्ताओं में भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS ने पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी में करीब 35% यानी 2.1 लाख महिला कर्मचारी हैं। लिस्ट में शामिल 500 में से 410 कंपनियों ने अपने बोर्ड में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है।इन कंपनियों ने पिछले एक साल में 3.9 लाख नई नौकरियां दी हैं। इनमें पहले से ही 11.6 लाख महिलाएं काम कर रही हैं। आईटी प्रमुख इंफोसिस में 1,24,498 महिलाएं काम करती हैं। विप्रो में 88,946 और एचसीएल टेक्नोलॉजीस में 62,780 महिलाएं कार्यरत हैं। इन कंपनियों में 40%, 36%, और 28% महिला कर्मचारी कार्यरत हैं।मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड 17.25 लाख करोड़ रुपए वैल्यू के साथ देश की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी के रूप में उभरी है। TCS देश की दूसरी और HDFC बैंक भारत की तीसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी है। गौतम अडाणी की दो कंपनियां अडाणी टोटल गैस और अडाणी एंटरप्राइजेस इस लिस्ट में है।

सरकारी कंपनियों में SBI पहले नंबर पर

सरकारी कंपनियों की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सर्वाधिक 14% ग्रोथ के साथ रैंकिंग में पहले स्थान पर रहा है। इसके साथ ही पॉलिसी बाजार, पेटीएम, जोमैटो और नाइका जैसे स्टार्टअप के मूल्यांकन में भी तगड़ी गिरावट आई है। वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया सूची में 2.19 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनी है।