विजय मत,भोपाल। राहुल गांधी मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं और कांग्रेस को नेता छोड़कर भाजपा में जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक रहे सलूजा भाजपा के हो गए। गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के हाथों भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, मंत्री विजय शाह मौजूद रहे। सलूजा कमलनाथ के करीबियों में रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनते ही कमलनाथ ने पहले उन्हें मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी और उसके बाद जब वे मुख्यमंत्री बने तो सलूजा मुख्यमंत्री के समन्वयक बनाये गए। सलूजा को कुछ दिन पहले ही  प्रदेश कांग्रेस मीडिया समन्वयक सहित अन्य तमाम दायित्वों से हटा दिया गया था। वजह बताई जा रही थी कि इंदौर में गुरूदारे पहुंचे कमलनाथ के आने पर सिख समाज ने मुखर होकर उनका विरोध किया था। इस घटना के लिए सलूजा को दोषी ठहराया गया। और उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। इससे पूर्व भी कांग्रेस ने उनके दायित्व छीन लिए थे। सलूजा की मीडिया में अच्छी पकड़ रही है। वे स्पष्ठता से अपनी सम्प्रेषण कला में पारंगत माने जाते हैं। इसलिए मुमकिन है भारतीय जनता पार्टी में उन्हें प्रवक्ता पद भी दे दिया जाए। सलूजा ने कांग्रेस में रहते अपने वाक कौशल से सबको प्रभावित किया। शिवराज तभी से प्रभावित थे। 

न्यूज़ सोर्स : Vijay mat