आगरा के मलपुरा में दक्षिणी बाइपास पर महिला का गला काटने के बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक गए। मंगलवार की दोपहर मिले 26 वर्षीय महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। उसके दाएं हाथ पर अंग्रेजी में एआरएस लिखा है। अनुमान है कि शव काे बाहर से लाकर यहां फेंका गया है।

हरे रंग का सूट, गले में मंगलसूत्र

दक्षिणी बाइपास पर मलपुरा-राेहता नहर के पास राहगीरों ने महिला का शव पड़ा देखा। उसका गला धारदार हथियार से काटा गया था। महिला हरे रंग की सूट पहने है। माथे पर बिंदी, गले में मंगलसूत्र और हाथों में चूड़ियां है। वह एक पैर में पायल पहने थी, दूसरी शव के पास ही उतरी पड़ी थी।

घटनास्थल पर कुछ चूड़ियां टूटी पड़ी थीं। महिला पर्पल रंग की चप्पले पहने हैं। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन सोनम कुमार ने बताया कि महिला के दाएं हाथ पैर अंग्रेजी में एसआरएस लिखा है।शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। कमिश्नरेट और आसपास जिले के थानों में वाट्सएप ग्रुप मे उसकी फोटो प्रसारित की गई है।  

न्यू आगरा में मंगलवार की दोपहर जनता क्वार्टर और अबुल उलाह दरगाह के बीच के बीच झाड़ियाें में स्थित नाले में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मरने वाला पूरी आस्तीन की सफेद कमीज और भूरे रंग की पैंट पहने है। मरने वाले का चेहरा क्षत-विक्षत हो चुका है। शव चार दिन पुराना होने का अनुमान है।

एसीपी सैयद अरीब अहमद मौके पर पहुंच गए।फील्ड यूनिट को बुला लिया। घटनास्थल पर किसी तरह के निशान नहीं मिले। आसपास रहने वालों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसीपी बताया कि शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।