दिल्ली : पॉल्यूशन से कुछ राहत के बीच बढ़ने लगी ठंड, जाने कितना पहुंचा तापमान
मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम के बाद अब दिन के वक्त भी ठंडक बढ़ने लगी है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अब धीरे धीरे ठंडक में वृद्धि ही होगी।
इस सप्ताह के अंत तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट भी आ जाएगी। सोमवार को सुबह हल्का कोहरा रहा जबकि दिन में हल्की धूप खिली रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 49 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी मंगलवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्का कोहरा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सप्ताह के अंत तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
अभी भी 'बहुत खराब' श्रेणी में है दिल्ली की हवा
SAFAR-इंडिया के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 323 के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 321, हवाईअड्डा (टर्मिनल 3) क्षेत्र में 336 और पूसा में 337 दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, सुबह 7:41 बजे आनंद विहार में एक्यूआई 374, जहांगीरपुरी में 399, लोधी रोड में 315 और न्यू मोती बाग में 370 रिकॉर्ड किया गया।
बता दें कि वायु गुणवत्ता सूचकांक 0 से 100 तक अच्छा माना जाता है, जबकि 100 से 200 तक मध्यम, 200 से 300 तक खराब, 300 से 400 तक बहुत खराब और 400 से 500 या इससे ऊपर तक वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर माना जाता है।