मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि सीबीआइ और ईडी के छापे ने सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है और जब भाजपा का शासन खत्म होगा तो देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जगह-जगह बोल रहे हैं कि ईडी-सीबीआइ ने सारे भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर इकट्ठा कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस बयान में थोड़ी सी गलती है। ईडी और सीबीआइ ने इस देश के सारे भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर नहीं बल्कि एक पार्टी में इकट्ठा कर दिया।

ईडी-सीबीआइ वाले रेड मारते हैं, सिर पर बंदूक रखते हैं और कहते हैं कि जेल जाना है या भाजपा में जाना है। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के सिर पर भी बंदूक रखी। दोनों ने कहा कि जेल मंजूर है, लेकिन भाजपा में जाना मंजूर नहीं है।

दिल्ली विधानसभा में उनके द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में लोकतंत्र को रौंदने का कोई मौका नहीं छोड़ा है।केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित केंद्र विपक्षी दल की सरकारों को काम नहीं करने देता।

सीएम ने कहा कि समय एक जैसा नहीं रहता है।आज इनकी सरकार है और मोदी जी प्रधानमंत्री हैं। लेकिन हमेशा तो नहीं रहेंगे।कभी न कभी तो जाएंगे ही।उस समय भ्रष्टाचार मुक्त भारत होगा। क्योंकि जितने चोर-उचक्के हैं, वो सारे एक ही कमरे में हैं। उनको पकड़ने में बड़ी आसानी होगी। ज्यादा जांच नहीं करनी पड़ेगी।

ईडी-सीबीआइ का डर दिखाकर इन्होंने देश के सारे लुटेरों को अपनी पार्टी में कर लिया।उन्होंने कहा कि कल एक बड़ा उद्योगपति मिलने आया था और कहा कि एक-एक करके सब लोग भारत छोड़कर जा रहे हैं और विदेशों की नागरिकता ले रहे हैं। क्योंकि सभी को ईडी-सीबीआइ, इनकम टैक्स से डरा रखा है। ये न खुद काम करते हैं और ना किसी को काम करने देते हैं। दो लोगों को छोड़कर बाकी सारी भाजपा भी डरी हुई है।