नई दिल्ली । ‎विश्व के सबसे बड़े अमीर एलन मस्क की नेटवर्थ में गिरावट का सिलसिला हफ्ते का आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। गुरुवार को उनकी नेटवर्थ में 16.1 अरब डॉलर की गिरावट आई थी जबकि शुक्रवार को उन्हें 5.81 अरब डॉलर की चपत लगी। इस तरह दो दिन में उनकी नेटवर्थ में करीब 22 अरब डॉलर की गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडैक्स के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ अब 204 अरब डॉलर रह गई है। टेस्ला के शेयरों में गिरावट से मस्क की नेटवर्थ गिरी है। इस कंपनी के शेयरों में दो दिन में करीब 13 प्रतिशत गिरावट आई है। इलैक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मुनाफे में चालू ‎वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 44 प्रतिशत गिरावट आई है।  प‎रिणामों की घोषणा के बाद से उसके शेयरों में गिरावट आ रही है। ‎पिछले सप्ताह दुनिया के टॉप 10 रईसों में सबकी नेटवर्थ में गिरावट आई। दुनिया के दूसरे नंबर के रईस फ्रांस के बर्नार्ड आरनॉल्ट की नेटवर्थ में 2.07 अरब डॉलर की गिरावट आई। उनकी नेटवर्थ अब 153 अरब डॉलर रह गई है। एमेजॉन के फाऊंडर जैफ बेजोस ने 3.30 अरब डॉलर गंवाए और उनके खाते में अब 149 अरब डॉलर रह गए हैं। इसके साथ ही बिल गेट्स, लैरी पेज, लैरी एलिसन, सर्गेई ब्रिन, स्टीव बाल्मर, वॉरेन बफे और मार्क जकरबर्ग की नेटवर्थ में भी गिरावट देखने को मिली। 
लैरी एलिसन ने सबसे ज्यादा 6.01 अरब डॉलर गंवाए। इस गिरावट से अंबानी और अडानी को भी झटका लगा है।इस बीच भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में भी शुक्रवार को गिरावट आई। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडैक्स के मुताबिक अंबानी की नेटवर्थ में 11.9 करोड़ डॉलर की गिरावट आई और यह 85.8 अरब डॉलर रह गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अंबानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 1.29 अरब डॉलर की गिरावट आई है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ 21.1 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 61 अरब डॉलर रह गई है। इस साल उनकी नेटवर्थ में रिकॉर्ड 59.5 अरब डॉलर की गिरावट आई है। वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 20वें स्थान पर हैं।