नई दिल्ली ।   दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। दिवाली के बाद भी AQI में सुधार नहीं आया है। स्विस कंपनी आईक्यूएयर के अनुसार, सोमवार को दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर था। इस बीच राजधानी से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। इससे पता चलता है कि हवा के साथ अब पानी भी जहरीला हो गया है। यमुना घाटों पर जहरीला झाग दिखने लगा है। इससे छठ पर्व मानने वालों को परेशानी होगी।

केजरीवाल सरकार ने जारी किया अतिरिक्त बजट

ऐसा पहली बार नहीं, जब छठ पर्व से पहले यमुना में जहरीला झाग दिखा हैं। हर साल हालात यही रहते हैं। सरकार के सारे दावे खोखले रह जाते हैं। इस साल भी छठ पूजा के लिए तैयारियां चल रही हैं। बता दें दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए अतिरिक्त बजट भी जारी किया है।

यमुना के पानी में झाग सीवेज या फैक्ट्री से निकलने वाले कचरे से आता है। इंडस्ट्री से निकलने वाला कचरा भले ही कम रहता है, लेकिन सीवेज से निकला कचरा अधिक खतरनाक है।

17 अक्टूबर को भाजपा नेताओं ने किया दौरा

दिल्ली बीजेपी के नेताओं ने 17 अक्टूबर को यमुना नदी का दौरा किया था। कालिंदी कुंज स्थित घाट पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद मनोज तिवारी पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के यमुना की सफाई के दावों पर हैरानी हो रही है।