फरीदाबाद के सारन पुलिस थाने में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक प्रेमी जोड़े ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई, यह देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और दोनों के परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। 

आनन-फानन दोनों को गंभीर हालत में बीके नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, जवाहर कॉलोनी की रहने वाली 17 साल की किशोरी स्कूल में साथ पढ़ने वाले 20 साल के युवक के साथ सात जनवरी को घर से कहीं चली गई थी। 

किशोरी के परिजनों ने युवक के खिलाफ आठ जनवरी को शादी की नीयत से बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी बीच, शुक्रवार दोपहर बाद युवक और किशोरी खुद ही सारन थाने पहुंच गए। 

पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर थाने में बुला लिया। परिवार के लोग इस बात को लेकर काफी नाराज थे। पुलिस का दावा है कि दोनों को समझाया जा रहा था। इसी बीच किशोरी शौचालय चली गई। वापस आकर शौचालय में रखी फिनाइल की दो गोलियां खुद निगल लीं और दो गोलियां युवक को दे दीं। दोनों उल्टियां करने लगे। यह देखकर पुलिसकर्मियों, युवक और किशोरी के परिजनों के हाथ पांव फूल गए। दोनों को तुरंत बीके नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। दोनों का इलाज चल रहा है।