नई दिल्ली। टॉयलट के लिए घर से बाहर निकले शख्स की पांच मिनट के भीतर हत्या कर दी गई। दावा है कि करीब आठ आरोपियों ने चाकू और ईंट से वारदात को अंजाम दिया। मृतक नंद किशोर कुमार चौधरी (32) की बॉडी पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दी गई। नंदकिशोर शादी-शुदा थे, जिनकी तीन लड़कियां हैं। आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चंद्रशेखर कुमार चौधरी (26) मूल रूप से बिहार के सुपौल के रहने वाले हैं। वो आईपी एस्टेट इलाके की आईटीओ स्थित अन्ना नगर की झुग्गी बस्ती में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वो अपने बड़े भाई नंद किशोर कुमार चौधरी के साथ रहते थे। दोनों भाई लाल किले के जैन मंदिर के सामने अलग-अलग स्टॉल लगा कर कपड़े बेचा करते थे। दोनों भाई मंगलवार रात करीब 10 बजे घर में खाना-पीना कर सोने की तैयार कर रहे थे। इसी दौरान नंद किशोर टॉयलट के लिए बाहर निकले। करीब पांच मिनट बाद ही शोर आया तो चंद्रशेखर बाहर निकले। करीब आठ लड़के नंद किशोर की पिटाई कर रहे थे, जो उन्हें देख भागने लगे। एक लड़के के हाथ में चाकू था। सभी आरोपी मोरी गेट स्थित मद्रासी कॉलोनी के थे। दावा है कि नंद किशोर ने अपने भाई को सभी के नाम बताए, जिन्होंने अपनी कॉलोनी के एक लड़के की पिटाई का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। जख्मी हालत में नंदकिशोर को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।