वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि साल 2020 के चुनाव के बारे में झूठ फैलाना जारी है।उन्‍होंने आगे कहा कि लोकतंत्र को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। साथ ही लोकतंत्र की रक्षा करनी होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मध्यावधि चुनाव में जाने से ठीक एक सप्ताह पहले राजनीतिक हिंसा और लोकतंत्र को मुद्दा बनाया है। उन्होंने डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी में एक भाषण दिया है।उन्होंने इस भाषण में कहा कि अमेरिकी लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, क्योंकि अमेरिका के पराजित पूर्व राष्ट्रपति ने 2020 के चुनाव के परिणामों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है.लोकतंत्र के संरक्षण और रक्षा पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए बाइडन ने कहा कि हम लोकतंत्र को हल्के में नहीं ले सकते हैं।बाइडन ने अपने भाषण में राजनीतिक हिंसा पर भी बात की।उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स, रिपब्लिकन और निष्‍पक्ष अधिकारियों के खिलाफ हो रही हिंसा सत्ता और लाभ के लिए बोले गए झूठ का नतीजा है। इसके अलावा यह सब साजिश रचने, क्रोध, नफरत और हिंसा भड़काने के लिए झूठ को दोहराते जाने का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्‍ट्रपति ने लोगों की इच्छा को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।उन्होंने इस तथ्य को स्वीकार करने से इनकार कर दिया कि वह हार गए हैं। उन्होंने अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया और संविधान के प्रति वफादारी से पहले खुद के प्रति वफादारी रखी।इसके साथ ही उन्होंने एक बड़े झूठ पर उस पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को विश्वास दिलाया।