कांग्रेस प्रदेशभर में निकालेगी राम यात्रा
आज से मप्र में मिशन 29 का आगाज

भोपाल।  विधानसभा चुनाव के बाद मप्र में अब लोकसभा चुनाव का घमासान शुरू हो गया। मप्र में मिशन 29 का आगाज रविवार को होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को मप्र में चुनावी अभियान की शुरूआत करेंगे। इसके लिए वे ग्वालियर, खजुराहो और भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनमें ऊर्जा का संचार करेंगे। वहीं कांग्रेस ने  ऐलान किया है कि वह प्रदेश में कांग्रेस राम यात्रा निकालने जा रही है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कहा कि इस यात्रा में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार से उनके वादों को पूरा करने के लिए कहा जाएगा। पटवारी ने कहा कि यात्रा का समय अभी तय किया जाना बाकी है। राम यात्रा के जरिए हम याद दिलाएंगे कि महंगाई कम करो। हर घर में बेरोजगारों की लंबी कतार है। युवाओं को रोजगार दिलाएं। बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार ने संकल्प पत्र में अद्भुत, अकल्पनीय वादे जो किसानों से किए हैं, उनको पूरा करे।
विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 163 सीटें जीतने के बाद अब भाजपा एमपी की 29 लोकसभा सीटें जीतने की रणनीति बना रही है।  केंंद्रीय मंत्री शाह रविवार सुबह 11.10 बजे दिल्ली से रवाना होंगे। 12.10 बजे ग्वालियर पहुंचकर होटल जाएंगे। 12.20 से स्थानीय होटल में ग्वालियर-चंबल क्लस्टर की प्रबंध समिति की बैठक लेंगे। यह बैठक एक घंटे तक चलेगी। 1.30 बजे खजुराहो के लिए रवाना होंगे। 2.30 बजे पहुंचेंगे। यहां मेला ग्राउंड में लोकसभा बूथ समिति की बैठक एक घंटे तक लेंगे। खजुराहो से शाह अपराह्न 4 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। शाम 5 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में 5.15 बजे से 6.15 तक वृहद प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होंगे।

10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा  कि केंद्रीय गृहमंत्री शाह बूथ के कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत कहते हैं और ये खजुराहो तथा बुंदेलखंड के सभी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है कि केंद्रीय गृहमंत्री शाह उनका मार्गदर्शन करेंगे। शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उससे बुंदेलखंड क्षेत्र से कांग्रेस पहले ही मैदान छोडक़र भाग चुकी है और सपा का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। ऐसे में शाह का प्रेरक मार्गदर्शन पाकर पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ जीतने और हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य को हासिल करने में सफल होंगे।

ग्वालियर में बड़ा कार्यक्रम
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव की रणनीति पर रविवार को ग्वालियर में भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। ग्वालियर में भाजपा की कलस्टर मीटिंग होगी। इस बैठक में हर लोकसभा से करीब 80 प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। ग्वालियर के होटल आदित्याज में रविवार सुबह 11 बजे से 1 बजे तक कलस्टर बैठक होगी। इस बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम डॉ.मोहन यादव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस कलस्टर बैठक में करीब 350 कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ अमित शाह चर्चा करेंगे। ग्वालियर कलस्टर में आने वाली चारों लोकसभाओं के प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक, विस्तारक, उस क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, सांसद और चुनिंदा सीनियर लीडर कलस्टर बैठक में शामिल होंगे। ग्वालियर कलस्टर में चार लोकसभा सीटें शामिल की गई हैं। भिंड, मुरैना, ग्वालियर और गुना लोकसभा सीटें इस कलस्टर में शामिल की गई हैं। पूर्व मंत्री और खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ग्वालियर कलस्टर के प्रभारी बनाए गए हैं। इन चारों लोकसभाओं में भाजपा के सांसद हैं।

चारों सीटों पर बदल सकते हैं लोकसभा के चेहरे
ग्वालियर कलस्टर में शामिल भिंड, मुरैना, ग्वालियर, और गुना चारों लोकसभाओं भाजपा के सांसद हैं। हालांकि, चारों सीटों पर बदलाव की संभावना है। मुरैना सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने दिमनी से विधायक बनने के बाद संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर और भिंड़ सांसद संध्या राय की जगह नए उम्मीदवार तय होने हैं। गुना में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लोकसभा में उतारा जा सकता है। यदि सिंधिया नहीं लड़े तो मौजूदा सांसद केपी यादव को फिर से मौका मिल सकता है। ऐसे में इस कलस्टर बैठक के बाद उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर जल्द साफ हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि मुरैना सीट पर पहले उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। ग्वालियर और मुरैना सीटों पर एक ब्राह्मण और एक क्षत्रिय उम्मीदवार उतारा जा सकता है।

29 सीटों को जीतने का इरादा और मजबूत होगा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के विधानसभा के चुनाव में जिस प्रकार से हर बूथ के कार्यकर्ता को मोटिवेट और एक्टिवेट किया उसका परिणाम यह हुआ कि मध्य प्रदेश में आज तक के इतिहास का सर्वाधिक वोट शेयर भारतीय जनता पार्टी को मिला है। अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री शाह प्रदेश के कार्यकर्ताओं में फिर ऊर्जा संचार करने के लिए आने वाले हैं। उनके दौरे के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में 29 लोकसभा सीट पर फतह का इरादा और मजबूत होगा। शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शाह विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार भोपाल और मध्य प्रदेश आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश उनके स्वागत की तैयारी में है और सभी कार्यकर्ता उमंग और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भारत के गृहमंत्री शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सारे गुलामी के प्रतीकों को समाप्त करने का संकल्प लिया है, आईपीसी से लेकर के सारी चीजों को बदलने का काम किया जा रहा है।