अंडर-19 विश्व कप का फाइनल मैच रविवार (11 फरवरी) को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। भारत ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें तीसरी बार फाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2012 और 2018 में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी में होने वाले मुकाबले से पहले आईसीसी ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है।

भारत के कप्तान उदय सहारन, बाएं हाथ के स्पिनर सौम्य पांडे और ऑलराउंडर मुशीर खान को आईसीसी अंडर 19 विश्व कप प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आईसीसी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ''अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप के इस साल के संस्करण में कई उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने की दौड़ को आठ खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया गया है।''

सौम्य पांडे ने प्रतियोगिता में भारत के बेदाग प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विरोधी टीमों को बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने से रोका है। पांडे की 2.44 इकोनॉमी रेट प्रतियोगिता में पांच से अधिक विकेट लेने वाले सभी गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने तीन बार मैच में चार विकेट झटके हैं। उन्होंने छह मैच में कुल 17 विकेट लिए हैं।

ऑलराउंडर मुशीर खान अंडर-19 विश्व कप 2024 में दो शतक बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी न्यूजीलैंड के खिलाफ थी जब उन्होंने 131 रनों की शानदार पारी खेली थी। मुशीर ने छह मैचों में 338 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 67.60 का रहा है। वह सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं। बल्ले के अलावा मुशीर खान ने गेंद से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने छह विकेट भी लिए हैं।

भारत के कप्तान उदय सहारन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सबसे बड़े दावेदार हैं। उन्होंने अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उदय के नाम छह मैचों में 389 रन हैं। उनका औसत 64.83 का रहा है। उन्होंने एक शतक लगाया है। उदय ने अपनी कप्तानी भारत को फाइनल तक पहुंचाया है। अगर वह खिताब जीत लेते हैं तो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।