नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सोमवार रात दिल्ली-सहारनपुर हाईवे निर्माण में पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में एक युवक गिर गया। गड्ढे में रखा सरिया युवक के शरीर के आर-पार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर कैट्स एंबुलेंस और पुलिसकर्मी पहुंचे। किसी तरह सरिया को काटकर युवक को गड्ढे से बाहर निकाला गया। युवक के शरीर में सरिया घुसा हुआ था। पुलिस ने उसे तुरंत लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर युवक के शरीर से सरिया निकाल दिया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। 
पुलिस ने लापरवाही का केस दर्ज किया है। घायल युवक की पहचान सैयद कामेल (32) के रूप में हुई है। मूलत: बिहार का रहने वाले सैयद कामेल धरमपुरा गांधी नगर इलाके में रहता है। सोमवार देर शाम वह खरीदारी करने के बाद दोस्तों के साथ घर जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम 7.21 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क के पास सहारनपुर हाईवे निर्माण स्थल के पास पिलर के लिए बने एक गड्ढे में एक युवक गिर गया है। पिलर में लगा एक सरिया युवक के शरीर से आर-पार हो गया है। सूचना मिलते ही कैट्स एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने देखा कि सरिया युवक के जांघ से घुसकर पेट से निकल गया है। पुलिस ने मैकेनिक को मौके पर बुलाया। जिसने गैस कटर से सरिया को नीचे से काटकर अलग किया।