गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश के नोएडा में छपरौला गांव की ब्रज विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े बदमाश ने एक महिला को घर में घुसकर पांच गोली मारी, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। हत्यारोपी को आसपास के लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हत्यारोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मृतक महिला मूलरूप से बिहार की रहने वाली है। महिला का सोनी (28) है। सोनी अपने पति विनोद के साथ बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही थी। कुल समय से दोनों अलग थे। दोनों का एक 11 साल का बेटा भी है। मंगलवार दोपहर सोनी घर पर कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान एक शख्स ने घर में घुसकर उसके ऊपर अवैध हथियार से पांच गोलियां दाग दी। गोली लगते ही सोनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख हत्यारोपी हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ साल से सोनी अपने पूर्व पति विनोद से अलग एक अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। पुलिस को सोनी के पूर्व पति विनोद पर ही हत्या का शक है। पुलिस विनोद की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी वह फरार चल रहा है।