प्रदेश में अब झुलसाने वाली गर्मी शुरू हो गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक गर्म तिल्दा का रहा, एआरजी तिल्दा का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम व न्यूनतम तापमाना दोनों ही सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहे।

दोपहर की तेज धूप अब झुलसाने लगी है तथा गर्म हवाएं भी चलनी शुरू हो गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण अब उमस में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा,उसके बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मार्च माह के साथ ही अप्रैल व मई भी तपाने वाले है। मार्च का पहला पखवाड़ा भी अभी नहीं बीता है और अभी से अधिकतम तापमान 40डिग्री के पास पहुंच गया है।

16 से 20 तक बारिश के आसार

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल से 5.8 किमी ऊंचाई पर 66 डिग्री पूर्व से 28 डिग्री उत्तर तक स्थित है। साथ ही एक द्रोणिका उत्तर अंदरूनी ओडिशा से पूर्व मध्य अरब सागर होते तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किमी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकतम तापमान भी चरम सीमा तक पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा। प्रदेश में 16 से 20 मार्च तक की अवधि में बारिश के आसार है।