अयोध्या में रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह सुबह 10 बजे 'मंगल ध्वनि' के भव्य वादन से प्रारंभ। इसके साथ ही 500 साल का इंतजार खत्म होगा। बिलासपुर में भव्य दीपोत्सव मनेगा। रंगोली, सुगंधित फूलों सहित विद्युत लाइट से घर और मंदिर जगमग हो चुके हैं। रामभक्तों को सोमवार की सुबह का बेसब्री से इंतजार है, जब रामलला मंदिर में दर्शन देंगे।

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की विधि का कार्यक्रम सोमवार दोपहर एक बजे तक पूरा हो जाएगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में होगी। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी सहित अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहेंगे। बिलासपुर भी इसका साक्षी बनेगा। शहरवासी जो अयोध्या गए हैं रामलला के दर्शन करेंगे लेकिन जो नहीं गए हैं वे अपने घरों और आसपास मंदिर में उत्सव मनाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण भी होगा।

जिसे मोबाइल से लेकर टीवी और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में लगे प्रोजेक्टर के माध्यम से देख सकेंगे। रेलवे स्टेशन में भी इसकी सुविधा होगी। प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर अंचल के सभी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रमुख रूप से श्री राम मंदिर तिलक नगर, वेंकटेश मंदिर, श्री कोदंड रामा रेलवे, श्री लक्ष्मी नारायण सहित सभी मंदिरों जगमग हो गए हैं। दीवाली सा माहौल है। सूर्यास्त के बाद घरों और मंदिरों में दीपक जलेंगे। आतिशबाजी के साथ दिनभर भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

आज यह होगा सबसे खास

22 जनवरी को रामभक्त भजन कीर्तन करेंगे। बड़े पर्दे पर देंखेंगे अयोध्या का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव। शंखध्वनि, घंटानाद, प्रसाद वितरण भी होगा। सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन व आरती होगी। “श्री राम” विजय महामंत्र का १०८ बार सामूहिक जाप। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, रामरक्षा स्तोत्र का सामूहिक पाठ होगा।

विशेष भोग भंडारा, मनेगा दीपोत्सव

घरों में रंगोली,तोरण आदि सजावट किया जाएगा। सभी हिन्दू घरों में भगवा पताका लहराएंगे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद शाम को व्रती उपवास तोड़ेंगे। चौक-चौराहों व मंदिरों में विशेष भंडरा होगा। सूर्यास्त के बाद दीप जलेंगे, दीपोत्सव मनाया जाएगा।

सभी जाति, मत, पंथ भी जुड़े

प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाली गई। सभी जाति, मत, पंथ से लोगों को जुडने अपील की गई। जिसका असर पूर्व संध्या पर निकाली गई शोभायात्रा में नजर आया। यह कार्यक्रम संपूर्ण हिंदू समाज का है यह संदेश भेजने में सफलता मिली। महिलाओं, युवाओं, किसान, कर्मचारी सहित बुजुर्ग भी जुड़े।

उत्सव पूरी तरह से गैर राजनीतिक

प्राण प्रतिष्ठा उत्सव बिलासपुर में वृहद स्तर पर होगा और इसमें काफी लोगों की सहभागिता होगी। कार्यक्रम पूरी तरह गैर राजनीतिक है, लेकिन जनसहभागिता के नाते भाजपा का सहयोग मुख्य रूप से जारी है। लोगों तक अक्षत, पत्रक पहुंचाने में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

बाजारों में लगेंगे एलईडी स्क्रीन

अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर के उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम हर हिंदू के लिए एक अविस्मरणीय दिन होगा। यही कारण है कि घर से लेकर बाजार में अभी से रौनक बिखरने लगी है। बाजारों में एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे। लोगों को मिठाई खिलाई जाएगी।

भगवामय हुआ संस्कारधानी

एक पखवाड़े से हिंदू समुदाय के लोगों ने भगवान राम की तस्वीर वाले झंडे हाथ में लेकर जोर-जोर से 'जय श्री राम' के नारे भी लगाने शुरू कर दिया है। अंचल में इस दिन को एतिहासिक बनाने के लिए हर कोई जोर-शोर से अपनी तैयारी कर रहा है। जगह-जगह केसरिया व भगवा रंग में रंगे भगवान श्रीराम व हनुमाजी के झंडे लगाएं जा चुके हैं। यहां तक अयोध्या के प्रतिकात्मक फोटो के साथ कट आउट भी शहर के कई जगहों में लग चुका है। देवालयों को रंग-बिरंगी रोशनी से केसरिया झंडे लगाकार सजाया गया है। चारों ओर रामधुन सुनाई देने लगी है।

इंटरनेट पर छा गए प्रभु श्रीराम

इंटरनेट के अलग अलग साइट पर भगवान राम इन दिनों छा गए हैं। मोबाइल भी राममय हो चुका है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सएप स्टेटस सहित अन्य मीडिया प्लेटफार्म पर जाते ही प्रभु श्रीराम के दर्शन हो रहे हैं। एक से बढ़कर एक फोटो और भजन व गाने देखने व सुनने को मिल रहा है। बिलासपुर में भी रामभक्त भगवान राम के गानों को ही रिंगटोन व कालर ट्यून सुनाई दे रहा है।

घरों में लहराने लगे श्रीराम के ध्वज

प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ऐसा उत्साह और दीवानगी की आमजन और व्यापारी अपने घरों और प्रतिष्ठानों में जय श्रीराम लिखे ध्वज लगा रहे हैं। बाइक से लेकर कार, ट्रक बस सभी में ध्वज नजर आने लगा है। तेलीपारा, बुधवारी बाजार, सरकंडा व गोल बाजार में श्रीराम ध्वजा, भगवान श्रीराम वाले लाकेट, चाबी के छल्ले, रामदरबार की फोटो के साथ ही हनुमान जी के चित्र सहित बालार में रामनामी कुर्तें, टीशर्ट, सजावटी लटकन, कड़े 
बिकने लगे हैं।

बाजार में बंपर खरीदारी

बाजार में रविवार को पूजा-पाठ सामग्री की बंपर खरीदी हुई। प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा से पहले लोग अपने घरों के पूजन स्थल को भी सजा और संवारने में दिनभर व्यस्त रहे। नारियल से लेकर अगरबत्ती सहित सुगंधित चीजों से पूजन कक्ष को महका रहे हैं। राम कथा व हनुमान चालीसा किताब भक्त ले जा रहे हैं। बाजार में भीड़ कल भी होगी।

रंग-बिरंगी लाइट व झालर से जगमग

अयोध्या की तर्ज पर बिलासपुर के सभी बाजार जगमग हो गए है। इलेक्ट्रानिक दुकानों में रंग-बिरंगे लाइट व झालरों की मांग रही। बाजार में उत्सव का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर व मंदिरों के साथ दुकानों के बाहर दीप भी जलाए जाएंगे। इस आयोजन को लेकर व्यापारियों इस दिन को खास बनाने पहले से तैयारी कर ली है।