आगरा । पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले अब पर्यटकों को राहत प्रदान की जा रही है। ताजमहल के मुख्य गुंबद तक जाने के लिए अब आपको ताज पश्चिमी गेट पर ही टिकट विंडो से टिकट ‎मिल जाएगी। 3 सितंबर से यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। ताजमहल के मुख्य गुंबद को निहारने के लिए 200 रुपये अतिरिक्त देने होते हैं जबकि 50 रुपए स्मारक में प्रवेश शुल्क होता है। कुल मिलाकर अगर ताजमहल के ऊपर हिस्से को देखना है, तो 250 रुपए खर्च करने होंगे। अब यह 250 रुपए की टिकट पर्यटकों को बाहर विंडो से भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा आप ऑनलाइन भी टिकट बुक कर सकते हैं, जो कि पहले से लागू है। आगरा मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों को टिकट खिड़की की संख्या बढ़ाने के लिए निर्देश दिए हैं। उसके अलावा पर्यटकों की हर छोटी बड़ी सुविधा को ध्यान में रखने के आदेश दिए गए हैं। ताजमहल के संरक्षक सहायक प्रिंस वाजपेई के अनुसार पश्चिमी गेट पर पहले तीन टिकट विंडो थीं। अब यहां एक और अतिरिक्त विंडो बढ़ाई गई है। इस पर पर्यटकों को 250 रुपए का टिकट मिलेगा। दो विंडो भारतीय पर्यटकों को और एक विदेशी पर्यटकों के लिए खोली गई है। वहीं बात पूर्वी गेट की करें तो फिलहाल वहां दो टिकट विंडो संचालित हैं। यहां भी 250 रुपए की टिकट आप खरीद सकते हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को पहले प्रायोरिटी पर रखा जाएगा।